गुरुवार, 20 जुलाई 2017

दो आँखें हमने देखीं हैं !!!







राधा  तेरी  आँखों  सी  प्यारी
दो  आँखें  हमने  देखीं  हैं,
कारी-कजरारी,  मतवारी  दो
पलकें  झुकती  देखीं  हैं,

मुस्काती  हैं,  शरमाती  हैं
पगले  दिल  को  भरमाती  हैं
बिन  बोले  ये  ख़ामोशी  से
जाने  क्या-क्या  कह  जाती  हैं,
इन  आँखों  में  ही  हमने  तो
आँखों  की  भाषा  देखी  है,

राधा  तेरी  आँखों  सी  प्यारी
दो  आँखें  हमने  देखीं  हैं,

इन  आँखों  में  है  प्यार  बसा
इन  आँखों  में  सच्चाई  है
हम  डूब  गए  इन  आँखों  में
इनमें  इतनी  गहरायी  है,
इन  आँखों  में  ही  डूब  के  तो
हमने  एक  दुनिया  देखी  है,

राधा  तेरी  आँखों  सी  प्यारी
दो  आँखें  हमने  देखीं  हैं,
कारी-कजरारी,  मतवारी  दो
पलकें  झुकती  देखीं  हैं।

बुधवार, 12 जुलाई 2017

अब तो आकर बस जाओ कल्पना मेरे दिल की धरती पर !!!






चंदा  के  जैसा  नूर  है  बसता   तेरे  चेहरे  पर
अब  तो  आकर  बस  जाओ  मेरे  दिल  की  धरती  पर

दिल  की  धरती  पर  कल्पना  दिल  की  धरती  पर
अब  तो  आकर  बस  जाओ  मेरे  दिल  की  धरती  पर

मिलने  तुम  आयी  मुझसे  पैगाम  वफ़ा  का  लेकर
आँचल  में  मेरी  खुशियों  की  सारी  सौगातें  लेकर
इस   दिल  में  अब  तक  सिहरन  है  तेरी  आँखों  को  छूकर
अब  तो  आकर  बस  जाओ  मेरे  दिल  की  धरती  पर

वो  होठों   पर  मुस्कान  तेरी   पलकों  का  झुक  जाना
बिन  बोले  तेरी  आँखों  का  वो  सब  कुछ  कह  जाना
एक  अजब  सा  दर्द  है  जैसे  चोट  लगी  भीतर
अब  तो  आकर  बस  जाओ  मेरे  दिल  की  धरती  पर

वो  गंगा  की  पावन  लहरों  सी  आँखों  में  सच्चाई
जिनमें  मैंने  देखी  है  ख़ुद  अपनी  परछाई
वो  तुम  जो  यूँ  दिल  ही  दिल  में  रह  जाती  शरमाकर
अब  तो  आकर  बस  जाओ  मेरे  दिल  की  धरती  पर